
गोपालपुरा के 11 वर्षीय बालक अजित माल (पिता कमल सिंह माल) बीते शुक्रवार, 19 सितंबर 2025 को स्कूल से छुट्टी के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। एफआईआर के अनुसार अजित हर रोज़ की तरह संत जोसफ स्कूल, गोपालपुरा से पढ़ाई के बाद दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से छुट्टी के बाद घर के लिए निकला था। बच्चा घर नवापाड़ा नवीन वाले रास्ते से आता-जाता था, लेकिन उस दिन वह स्कूल से छुट्टी के बाद आधे रास्ते तक घर की ओर गया और अचानक गायब हो गया।
परिजन जब शाम तक बच्चे के घर नहीं पहुँचने पर चिंतित हुए, तो उसकी तलाश में जुट गए। लेकिन कई कोशिशों के बाद भी अजित का कोई सुराग नहीं मिला। परिजन द्वारा थाना कल्याणपुरा में रात 11:50 बजे घटना की सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।
इस मामले में एफआईआर क्रमांक 0246/2025 पंजीबद्ध की गई है। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक उमेश मकवाना द्वारा की जा रही है। परिजन और पुलिस दोनों ही क्षेत्र में लगातार खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
कोई भी व्यक्ति यदि इस बालक के विषय में कोई जानकारी पाता है, तो वह तत्काल थाना कल्याणपुरा के मोबाइल नंबर 7225019270 पर संपर्क करे।
परिजनों के अनुसार अजित शांत स्वभाव का और स्कूल में अच्छा छात्र है। अचानक हुए इस हादसे से घर-परिवार व गाँव में चिंता का माहौल है।





