मेघनगर में रासलीलाओं से गूंजेगा फुटतालाब, हनुमान जयंती महोत्सव का भव्य आगाज़
रितिक शर्मा/जयेश झामर


मेघनगर।नगर के प्रसिद्ध श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर परिसर स्थित फुटतालाब में इस वर्ष भी हनुमान जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। धार्मिक आस्था और भक्ति से सराबोर इस आयोजन की शुरुआत बृज के कलाकारों द्वारा भगवान राधाकृष्ण की रासलीलाओं के मंचन से होगी।आयोजन समिति के वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश चंद्र पूरणमल जैन एवं राजेश ‘रिंकू’ जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव में प्रतिदिन भजन, धार्मिक प्रस्तुतियाँ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर प्रांगण को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा भगवान हनुमान का विशेष श्रृंगार भी किया गया है।कार्यक्रम श्रृंखला के तहत 28 मार्च को भजन गायिका आशा वैष्णव भजनों की प्रस्तुति देंगी। 29 मार्च को मोंटी नटराजन एवं उनकी टीम द्वारा श्रीराधाकृष्ण की फूलों की होली का जीवंत चित्रण किया जाएगा। 30 मार्च को अरुणिका काँजीवाल, 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर दीपक राव जैन, 1 अप्रैल को गोकुल शर्मा भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे।महोत्सव का मुख्य आकर्षण 2 अप्रैल को सुरेश वाडेकर की भजन संध्या रहेगी, जिसमें वे अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।इससे पूर्व राम नवमी के शुभ अवसर पर बालिका एवं महिला मंडल द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। आयोजन समिति की महिला सदस्य सीमा सुरेश जैन एवं नीता राजेश जैन ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।
महोत्सव को लेकर पूरे नगर में उत्साह का माहौल है।





