मेघनगर के फुटतालाब हनुमान मंदिर में भव्य हनुमान जयंती महोत्सव की शुरुआत, बृज कलाकारों ने रचाया कृष्ण भक्ति का अद्भुत रंग
रितिक शर्मा/जयेश झामर


मेघनगर। प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल फुटतालाब हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती महोत्सव का शुभारंभ कलश यात्रा एवं श्रीराम भक्त हनुमान जी की महाआरती के साथ अत्यंत श्रद्धा और उत्साहपूर्वक हुआ। मंदिर के महंत दिलीपदास जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर हनुमान जी का विशेष श्रृंगार किया गया और रामनवमी के चलते दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुँचे।शाम के कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराधा-कृष्ण की मनमोहक रासलीलाओं से हुई, जिसमें बृज से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को बृजधाम में परिवर्तित कर दिया। राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना, वंदना एवं आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके पश्चात बृज भावों से ओत-प्रोत भजनों पर कलाकारों ने भावनृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।“श्री गिरिराज धरण”, “बाँके बिहारी” के जयकारों के बीच “कान्हा मोर बन आयो” जैसे भजनों पर भगवान श्रीकृष्ण का मयूर नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं बृज गोपियों के साथ “वृंदावन में रास रचो है” भजन पर रासलीला ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।कार्यक्रम में राधा रानी की गोद भराई, भगवान भोलेनाथ का तांडव नृत्य, दीपक नृत्य एवं माखन-मिश्री चोरी (मटकी फोड़ लीला) जैसे प्रसंगों का भी सुंदर मंचन किया गया। अंत में श्री बाँके बिहारी जी की महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।इस भव्य आयोजन का संचालन वृंदावन ग्रुप के व्यास जी जयराम शर्मा स्वामी जी के संरक्षण में किया जा रहा है, जिसे देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए।समाजसेवी सुरेश चंद्र पूरणमल जैन एवं समिति सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि आज शाम 8 बजे प्रसिद्ध कलाकार मोंटी नटराजन द्वारा श्रीराधा-कृष्ण की फूलों की होली की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से प्रतिदिन अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।





