
आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर भारत सरकार द्वारा 75 दिन के लिये 18 वर्ष से अधिक उम्र के पात्र नागरिकों को कोविड वैक्सीनेशन का बूस्टर डोज निःशुल्क लगाने का निर्णय लिया है। जिले में 15 जुलाई से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कोविड वैक्सीनेशन केन्द्र बनाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सभी विकासखण्डों के सी.एच.सी. एवं पी.एच.सी. पर यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। शहरी क्षेत्रों में निगम के जोन ,शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ,सिविल अस्पताल पीसी सेठी ,हुकुमचंद ,मल्हारगंज ,नंदा नगर मांगीलाल चुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगाए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. सैत्या ने बताया कि शासन द्वारा द्वितीय डोज के 6 माह पश्चात बूस्टर डोज लगाये जाने की अनुमति दी गयी है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में अपने परिजनों, दुकानदार, श्रमिक, वृद्धजन एवं 18 वर्ष से अधिक उम्र के छात्र-छात्रायें टीके लगवाये। टीके लगवाने हेतु वे अपने साथ आधार कार्ड एवं मोबाईल नम्बर सहित नजदीकी टीकाकरण केन्द्र पर जायें।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता द्वारा बताया गया कि ऐसे नागरिक जो बूस्टर डोज के लिये पात्र है, उनका टीकाकरण 15 जुलाई से 75 दिवस तक शासन द्वारा निःशुल्क रूप से लगाये जाने के निर्देश दिये गये है। आज 15 जुलाई को 6300 लोगों ने कोविड टीकाकरण करवाया इसमें से 6077 लोगों ने प्रिकॉशन डोज लगवाया।





