मेघनगर में धूमधाम से मनाया गया महावीर जन्म कल्याणक, भव्य शोभायात्रा और सामूहिक तप आयोजन
रितिक शर्मा

मेघनगर।महावीर जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर मेघनगर के सकल जैन समाज द्वारा अत्यंत श्रद्धा एवं उल्लास के साथ विविध धार्मिक आयोजन संपन्न किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक नवकारसी से हुई, जिसके पश्चात महावीर भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शांति सुमतीनाथ मंदिर, गोड़ी पार्श्वनाथ मंदिर एवं ज्ञान मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं द्वारा आरती कर भगवान महावीर का गुणगान किया गया। इसके बाद यात्रा अणु स्वाध्याय भवन पहुंची, जहां विराजित साध्वी मुक्ति प्रभाजी म.सा. एवं अन्य साध्वी मंडल ने भगवान महावीर स्वामी के आदर्श जीवन एवं उनके संदेशों पर प्रेरणादायक प्रवचन दिए।
इस अवसर पर प्रभावना संघ द्वारा श्रद्धालुओं को प्रभावना वितरित की गई। संघ के विपुल धोका ने जानकारी देते हुए बताया कि अणु शताब्दी वर्ष के अंतर्गत नगर में सामूहिक वर्षीतप का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लगभग 60 तपस्वी उपवास की कठोर तपस्या कर रहे हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सायंकाल सकल जैन श्री संघ द्वारा फुटतालाब मंदिर परिसर में स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया जिसके लाभार्थी सुरेशचंद, राजेश कुमार पुरणमल जैन परिवार द्वारा व्यवस्था की गई।
पूरे आयोजन में नगर के जैन समाज के साथ-साथ अन्य श्रद्धालुओं की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रही, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय एवं आध्यात्मिक बना रहा।





