औद्योगिक क्षेत्र के प्रदूषण के विरोध में कांग्रेस 24 को करेगी प्रदर्शन जीतू पटवारी आएंगे
रितिक शर्मा/जयेश झामर


मेघनगर! औद्योगिक क्षेत्र केमिकल फैक्ट्रियों के कारण होने वाले प्रदूषण को अब कांग्रेस बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है। विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम 24 सितंबर को रखा जाएगा। प्रदर्शन औद्योगिक क्षेत्र के पास ही होगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के अलावा प्रदेश के अन्य नेता आएंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रांका ने बताया, मेघनगर और आसपास के 10 किमी के क्षेत्र के गांवों के लोगों का जीवन दूभर हो गया है। जब हम प्रदर्शन के लिए जगह देखने गए तो केमिकल की गंध के कारण सांस लेने में दिक्कत होने लगी। ऐसे में मेघनगर के जो लोग पूरे समय इस वातावरण में रह रहे हैं, उनकी स्थिति समझी जा सकती है।
इस क्षेत्र में मानव जीवन, पशु-पक्षी, पेड़-पौधे, फसलों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। आसपास के हैंडपंप, बोरिंग व कुएं एवं नदी-नालों का पानी दूषित हो रहा है। 24 सितंबर की सुबह 11 बजे से औद्योगिक क्षेत्र टूटी माता मंदिर पर विरोध प्रदर्शन होगा। इसमें जीतू पटवारी के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त, कांतिलाल भूरिया, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, मेघनगर विधायक वीरसिंह भूरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनल भाबर सहित अन्य लोग शामिल रहेंगे।





